Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

पूर्णिया पुलिस की छापामारी, जीरोमाइल रेड लाइट एरिया से छह लोग गिरफ्तार, तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया

पूर्णिया में पुलिस ने देह व्यापार के गढ़ माने जाने वाले जीरोमाइल रेड लाइट एरिया में छापामारी कर देह व्यापार में लिप्त छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन नाबालिग लड़कियों को भी रेस्क्यू किया, जिन्हें जबरन इस धंधे में धकेला गया था। रेस्क्यू की गई लड़कियां यूपी के बनारस और जमुई की निवासी हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस की प्रेस वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक रंजन ने बताया कि इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ, जब किशनगंज की एक नाबालिग पीड़िता पुलिस के पास पहुंची। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि नीरज कुमार पासवान नामक व्यक्ति ने उसे रॉन्ग नंबर से कॉल कर प्रेमजाल में फंसाया। उसने शादी का झांसा देकर उसे कटिहार से पूर्णिया बुलाया और फिर जीरोमाइल के रेड लाइट एरिया में देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया। तीन महीने तक आरोपी नीरज और उसके साथियों ने नाबालिग से देह व्यापार कराया। किसी तरह बचकर भागी पीड़िता ने महिला थाने में इस पूरे मामले की जानकारी दी और नीरज समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई।

एसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देश पर पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में सदर एसडीपीओ पंकज कुमार शर्मा, प्रशिक्षु डीएसपी शत्रुघ्न मंडल, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुधा कुमारी और फणीश्वर नाथ रेणु, टीओपी प्रभारी शबाना आजमी सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल थे।

पुलिस ने रेड लाइट एरिया में छापामारी करते हुए न केवल तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया, बल्कि मौके से छह धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया। इन आरोपियों में नीरज कुमार पासवान (21), रमेश पासवान (42), रणधीर कुमार (22), रानी देवी और एक नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने रेस्क्यू की गई लड़कियों को महिला आश्रय गृह भेज दिया है, जहां उनकी देखभाल की जाएगी। इस पूरे मामले में पुलिस ने कई आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एएसपी ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करेगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने जीरोमाइल रेड लाइट एरिया में जारी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिया है कि इस क्षेत्र में देह व्यापार के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *