Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल पर बर्फबारी के बीच पुजारी ने शंखनाद कर पूजा की

यमुनोत्री धाम में बर्फबारी के बीच पुजारी ने शंखनाद किया, जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा स्थित गंगा मंदिर का यह वीडियो है। इस दौरान यमुनोत्री धाम में माइनस 8 डिग्री सेल्सियस तापमान है। और यही भारी बर्फबारी के बीच पुजारी ने शंखनाद किया है। वहीं बर्फबारी के चलते बंद गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे रविवार को दो दिन बाद खुल गया। गंगोत्री हाईवे पर सुक्की से गंगोत्री तक जमा बर्फ को हटाने के लिए बीआरओ के श्रमिकों को स्नोकटर और ब्लोअर मशीनों के साथ मशक्कत करनी पड़ी।

यमुनोत्री हाईवे पर फूलचट्टी से आगे लोनिवि बड़कोट ने जेसीबी मशीन की मदद से बर्फ हटाकर आवाजाही बहाल करवायी। मार्ग खुलने पर खरसाली में फंसे चार श्रद्धालु भी रविवार को निकल गए। हालांकि बर्फ के चलते मार्ग पर फिसलन का खतरा बना हुआ है, जिस कारण उक्त क्षेत्रों में एंटी स्किड चेन लगे टायर वाले फोर बाइ फोर वाहनों से आवागमन करने की सलाह दी जा रही है।

बीते शुक्रवार को इस सीजन की तीसरी बर्फबारी से शुक्रवार रात में ही गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप से आगे और यमुनोत्री हाईवे फूलचट्टी से आगे बर्फबारी के चलते बंद हो गए थे। वहीं फूलचट्टी खरसाली मार्ग बंद होने से हरिद्वार के 4 श्रद्धालु भी फंस गए थे। रविवार को बारिश और बर्फबारी थमने पर बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन ने गंगोत्री हाईवे पर स्नोकटर और जेसीबी मशीन से बर्फ हटाने का काम शुरू किया। बीआरओ के श्रमिकों और मशीनों की मदद से दो दिनों से बंद हाईवे को रविवार शाम करीब 6 बजे यातायात सुचारू कर दिया गया।

उधर, यमुनोत्री हाईवे पर भी लोनिवि बड़कोट की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से फूलचट्टी से जानकीचट्टी के बीच जमा बर्फ को हटाया। साथ ही फूलचट्टी से मां यमुना के शीतकालीन प्रवासस्थल खरसाली के बीच जमा बर्फ को हटाकर आवाजाही बहाल की गयी, जिसके बाद खरसाली में फंसे हरिद्वार के चार श्रद्धालु भी रविवार 3.30 बजे अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना हो गए। भागेश्वर उनियाल, प्यारे लाल उनियाल, महावीर पंवार आदि ने बताया कि अभी आवाजाही जोखिम के साथ हो रही है।

उक्त लोगों ने मार्ग को सुरक्षित आवाजाही लायक बनाने की मांग की है। इधर, सीमांत हर्षिल घाटी में बगोरी, झाला, पुराली की सड़कों पर भी लोनिवि ने यातायात बहाल कर दिया है। गंगोत्री हाईवे पर जसपुर बैंड से सुक्की टॉप तक के संवेदनशील हिस्से में अतिरिक्त मशीनों व संसाधनों की तैनाती कर वाहनों की नियंत्रित और सुरक्षित आवाजाही कराई जा रही है। डीएम डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने यातायात बहाल करने के काम में दिन-रात जुटे बीआरओ, एनएच, लोनिवि, एनएचआईडीसीएल, पुलिस और राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों व क्षेत्रीय ग्रामीणों की सराहना की है। साथ ही बर्फबारी वाले क्षेत्रों में एहतिहात बरतने की बात कही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *