पुलिस पर फायरिंग के बाद तीन आरोपी दबोचे, एक के पैर में लगी गोली

रुद्रपुर के चर्चित गैंगरेप मामले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं और जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार देर रात कोतवाली रुद्रपुर के बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अन्य दो आरोपियों को घेराबंदी कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि गैंगरेप मामले के तीनों मुख्य आरोपी सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर चिन्हित किए गए थे। लंबे समय से उनकी तलाश की जा रही थी और सोमवार रात मिली सफलता के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। उन्होंने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले से जुड़े सभी वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जल्द एकत्र कर आरोपियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट अदालत में पेश की जाए। पुलिस के मुताबिक, तीनों मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गैंगरेप मामले की बड़ी कार्रवाई पूरी हो गई है। अब विवेचना को अंतिम रूप देने के साथ-साथ पुलिस पर फायरिंग और अवैध हथियार रखने के मामलों में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती ने तीन युवकों पर अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। शिकायत के अनुसार, 25 जुलाई की रात वह अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर मौजूद थी, तभी तीन बाइक सवार युवकों ने उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने का आरोप है। पीड़िता के अनुसार, रास्ते में उसकी सहेली और एक युवक चलती बाइक से कूदकर भाग निकले, जबकि उसे और एक अन्य युवक को आरोपियों ने अपने कब्जे में रखा। आरोप है कि बाद में युवक को रास्ते में उतार दिया गया और युवती को गदरपुर क्षेत्र ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। अगले दिन सुबह आरोपियों ने उसे मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास छोड़ दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *