उत्तर प्रदेश में फिर एक्टिव होगा मानसून, 13 से 15 अगस्त तक बारिश के आसार

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। बीते 24 घंटों में पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक मेरठ में सबसे अधिक 96 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम?

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को मानसून की सुस्त गतिविधियों के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कई इलाकों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही उमस और गर्मी भी बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, 13 अगस्त से प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 13 से 15 अगस्त के बीच यूपी के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है: सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, देवरिया, बलिया, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, आजमगढ़, मऊ, जौनपुर, वाराणसी, गोरखपुर, संत कबीर नगर, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, हमीरपुर, झांसी, बांदा, चित्रकूट, महोबा, ललितपुर, लखीमपुर खीरी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी।

सामान्य से 21 फीसदी कम हुई बारिश

उत्तर प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश सामान्य से कम रही है। 1 जून से 11 अगस्त के बीच प्रदेश में सामान्य बारिश का अनुमान 439 मिलीमीटर था, जबकि अब तक 346 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस तरह बारिश सामान्य से करीब 21 फीसदी कम रही। वहीं, पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अनुमानित 8 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 38 फीसदी कम है।

लखनऊ में बढ़ेगा तापमान

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ी। यहां अधिकतम तापमान सोमवार की तुलना में 2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 36 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। दिन में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है।

लखीमपुर खीरी रहा सबसे गर्म

मंगलवार को लखीमपुर खीरी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान बिजनौर में 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

13 अगस्त से फिर तेज होगी बारिश

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक 13 अगस्त से पूर्वांचल में मानसूनी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसके बाद बारिश प्रदेश के मध्यवर्ती और पश्चिमी हिस्सों तक पहुंच सकती है। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *