Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

Dehradun Accident: लालपुल के पास खाई में गिरी कार, 5 लोग घायल; SDRF ने किया रेस्क्यू

देहरादून/विकासनगर:- देहरादून जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार चल रहा है।

35 मीटर नीचे खाई में गिरी कार

जानकारी के मुताबिक चकराता के लालपुल के पास कार संख्या DL9C 8092 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना 112 के माध्यम से पुलिस-प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर एसडीआरएफ को कार खाई में गिरी मिली। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

खाई में उतरकर पांचों घायलों को निकाला

रेस्क्यू टीम के जवान खाई में उतरकर घायलों तक पहुंचे। इसके बाद सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल थीं। हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन लोगों को सामान्य चोटें लगी हैं। सहिया पुलिस चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि कार सवार चकराता घूमने के लिए जा रहे थे। लालपुल के पास कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में घायल सभी लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेज दिया गया है।

चार घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर हुमा परवीन के अनुसार चार घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

हादसे में घायल लोगों का विवरण

  • रोहन कुमार, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी नई दिल्ली
  • अभिषेक दुबे, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली
  • अभिषेक, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश
  • शिवानी सिंह, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश
  • प्रिंस राज, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *