Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

रांची में 19-20 अप्रैल को होगा भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो

आगामी 19 एवं 20 अप्रैल 2025 को आर्मी ग्राउंड, खोजा टोली, नामकुम में आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर समाहरणालय स्थित सभागार में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रांची के उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, डीआईजी-सह-वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा तथा सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रेस वार्ता के दौरान एयर शो की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं आयोजन के उद्देश्य की विस्तृत जानकारी मीडिया को प्रदान की गई।

एयर शो में एंट्री निःशुल्क, ज्यादा से ज्यादा लोग देखने आएं- मंजूनाथ भजंत्री
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान रांची उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि भारतीय वायु सेवा द्वारा जिला प्रशासन के साथ मिलकर एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायुसेना की जानकारी देने के साथ-साथ भविष्य में वायु सेवा में अपनी सेवा देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त ने कहा कि एयर शो में एंट्री निःशुल्क है, ज्यादा से ज्यादा संख्या में रांचीवासी एयर शो देखने के लिए आएं।

एयर शो के लिए सभी स्कूलों को आमंत्रण
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची, मंजूनाथ भजंत्री ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि वायु सेवा प्रमुख भी कार्यक्रम को देखेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि एयर शो के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्राओं के साथ-साथ जिला के सभी स्कूलों को भी आमंत्रित किया गया है ताकि बच्चे शो का आनंद उठा सकें एवं प्रेरणा प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा PVTG Family को भी आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम स्थल में न लाएं खाने का सामान
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा शो देखने आनेवाले लोगों से सुरक्षा दृष्टिकोण से आग्रह किया गया है कि वो कार्यक्रम स्थल में किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ लेकर न आएं। उन्होंने कहा कि सुबह 8:30 बजे तक सभी अपना स्थान अवश्य ग्रहण कर लें।

कार्यक्रम स्थल में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
भारतीय वायु सेवा  के एयर शो को लेकर कार्यक्रम स्थल आर्मी ग्राउंड, खोजा टोली, नामकुम में त्रिस्तरीय सुरक्षा होगी। डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि क्राउड मैनेजमेंट के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रतिनियुक्ति की गई है।

रांची में पहली बार विमान द्वारा तिरंगे को आसमान लहराते देखेंगे लोग
एयर शो के दौरान सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम आसमान में मनोहर एवं हैरतअंगेज कारनामे दिखाएगी। टीम की कमेंटेटर और प्रशासक कंवल संधू ने बताया कि लोग रांची के आसमान में विमान द्वारा तिरंगे को लहराते देख सकेंगे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि एयर शो दो भागों में बंटा है, पहले भाग में 09 विमान एक साथ उड़ान भरेंगे। भारतीय वायु सेवा के ये विमान 5 मीटर की दूरी मेंटेन करते हुए एक साथ उड़ान भरते नजर आएंगे। दूसरे भाग में सभी 09 विमान अलग-अलग दिशाओं से अपनी गति और अनुशासन का प्रमाण देते हुए अलग-अलग आकृतियां आसमान में बनाएंगे, इसके अलावा विमान उलटी उड़ान भरते भी नजर आएंगे।

उन्होंने बताया कि टीम के पायलट, भारतीय वायु सेवा के बेहतरीन फाइटर पायलट हैं। टीम ने 6 महीने कठिन परिश्रम कर अपनी तैयारी पूरी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रांची के लोगों का पूरा सहयोग मिलेगा और शो कामयाब होगा। टीम की कमेंटेटर और प्रशासक कंवल संधू ने कहा कि शो का उद्देश्य युवा एवं बच्चों को उत्साहित करना है कि वह भविष्य में इंडियन आर्म्ड एयर फोर्स जॉइन करें और देश सेवा में अपना योगदान दें।

विदेशों में भी सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम ने दिखाया है आसमानी करतब
सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया की टीम की स्थापना के बाद अब तक टीम ने अनेकों एयर शो किए हैं।विदेश में भी टीम द्वारा शो किया गया है। दुबई सिंगापुर थाईलैंड और चीन में टीम द्वारा आसमान में करतब दिखाए गए हैं। टीम ने कहा कि उनका उद्देश्य पूरी दुनिया में भारतीय वायु सेवा की कार्य कुशलता और अनुशासन का प्रमाण देना है।

इनकी रही उपस्थिति
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) रांची, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, रांची सहित सूर्यकिरण ऐयरोबेटिक टीम के डिप्टी लीडर सिधेश कार्तिक, सीनियर इंजीनियरिंग ऑफिसर अभिमन्यू त्यागी, दिवाकर शर्मा, गौरव पटेल तथा कमेंटेटर एवं प्रशासक कंवल संधू उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *