Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

हॉर्न बजाना पड़ा भारी: चिकन लेने गए युवक पर शराबियों ने रिवाल्वर से की फायरिंग

शहर के मॉडल टाउन इलाके में एक युवक को चिकन लेने के दौरान गाड़ी का हार्न बजाना भारी पड़ गया। पास ही गाड़ी में बैठकर शराब पी रहे युवकों ने पहले तो गाली-गलौज की, फिर रिवाल्वर निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। थाना छह की पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

छोटी बारादरी निवासी नीरज नागपाल ने पुलिस को बताया कि वह निजी कार्य करता है और रविवार शाम को चिकन खरीदने के लिए मॉडल टाउन की एक चिकन शॉप पर गया था। जब चिकन तैयार होने में देर हुई तो उसने दुकान मालिक को बुलाने के लिए अपनी गाड़ी का हार्न बजाया। इसी दौरान पास ही खड़ी एक गाड़ी में बैठे कुछ युवक, जो शराब पी रहे थे बाहर आए और उसे गाली देने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख नीरज ने अपने भाई और भतीजे को मौके पर बुला लिया। जब उन्होंने उन युवकों को समझाने का प्रयास किया तो उनमें से एक ने रिवाल्वर निकाल ली और कनपटी पर तान दी। आसपास लोगों की भीड़ जुटने पर युवक ने हवाई फायर किया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। थाना छह के प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मौके से गोली का खोल बरामद नहीं हुआ है, लेकिन घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित नीरज ने खुद फुटेज निकालकर पुलिस को सौंपी है। आरोपित सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। जांच में सामने आया है कि फायरिंग करने वाले आरोपित युवक सुभाना गांव के रहने वाला है। फिलहाल पुलिस आरोपितों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *