Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग में नई जिम्मेदारियां तय, 2027 चुनाव के लिए संगठन मजबूत करने पर जोर

देहरादून:-  उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग ने अपनी नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की है। पार्टी का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है। अल्पसंख्यक विभाग की ओर से प्रदेश स्तर पर उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रभारी के पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग के मुताबिक जिला, महानगर और एडवाइजरी कमेटी का गठन अभी बाकी है। इन समितियों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं।

24 उपाध्यक्ष, 34 महासचिव और 65 सचिव बनाए गए

उत्तराखंड कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अली ने नई प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का काम करेगी। घोषित कार्यकारिणी में 24 उपाध्यक्ष, 34 महासचिव, 65 सचिव, 5 प्रवक्ता और 1 सोशल मीडिया प्रभारी शामिल हैं। विभाग का कहना है कि आने वाले समय में संगठन को जिला और विधानसभा स्तर तक और सक्रिय किया जाएगा।

70 विधानसभा क्षेत्रों में टीम बनाने की तैयारी

सुलेमान अली ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर टीम तैयार कर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कामों को पहुंचाया जाएगा।

भाजपा सरकार पर कांग्रेस नेता का निशाना

सुलेमान अली ने भाजपा सरकार पर कांग्रेस के कार्यकाल में तैयार किए गए संस्थानों और योजनाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को विकास से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने धार्मिक स्थलों से जुड़ी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी निर्माण के खिलाफ कदम उठाने से पहले पूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, यदि कोई निर्माण अवैध पाया जाता है तो जांच और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के अपराध के लिए उसके परिवार को सजा नहीं मिलनी चाहिए। मकान तोड़ने जैसी कार्रवाई से परिवारों के सामने रहने की समस्या पैदा हो सकती है, इसलिए प्रशासन को हर कदम कानूनी प्रक्रिया के तहत उठाना चाहिए।

पेपर लीक और युवाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

कांग्रेस नेता ने भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवा लंबे समय तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत और भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने सरकार से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से काम करने की मांग की।

2027 में कांग्रेस सरकार बनाने का दावा

सुलेमान अली ने दावा किया कि कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी एकजुटता के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत किया जाएगा। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी 2027 में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से चुनावी तैयारी करेगी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *