Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

गुरु रविदास जयंती से पहले अधूरा सीवरेज कार्य बना परेशानी का कारण, आंदोलन की चेतावनी

फगवाड़ा नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस पार्षद संजीव बुग्गा ने मेयर रामपाल उप्पल और निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की प्रमुख जीटी रोड की हालत बद से बदतर हो चुकी है और निगम की लापरवाही के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

संजीव बुग्गा ने कहा कि बस स्टैंड के सामने जीटी रोड पर फ्लाईओवर के नीचे स्थित सर्विस लेन की कई महीनों से चल रही खुदाई नगर निगम की बदइंतजामी का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि 31 जनवरी को गुरु रविदास जयंती के अवसर पर निकलने वाली शोभायात्रा से पहले मेयर रामपाल उप्पल ने मौके का दौरा कर सीवरेज कार्य जल्द पूरा करने का दावा किया था, लेकिन भारी बारिश के बाद वे सभी दावे खोखले साबित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि 1 फरवरी को गुरु रविदास मंदिर चक हकीम में होने वाले धार्मिक कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरेंगे। ऐसे में सर्विस लेन की खराब स्थिति, कीचड़, जलभराव और गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

कांग्रेस पार्षद ने आरोप लगाया कि खुदाई के बाद न तो उचित ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए। इसके चलते रोजाना वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है।

उन्होंने नगर निगम प्रशासन से तुरंत सीवरेज कार्य पूरा कर सड़क की मरम्मत कराने और यातायात व्यवस्था बहाल करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों से लेकर निगम सदन तक विरोध प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *