देहरादून/विकासनगर:- विकासनगर पुलिस ने ATM कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम निकालने वाले एक कथित अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 192 ATM/डेबिट कार्ड, एक अवैध 12 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, स्विफ्ट कार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, नकदी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

ATM बूथ पर मदद के बहाने करते थे कार्ड की अदला-बदली
पुलिस के अनुसार, आरोपी ATM बूथों के आसपास घूमकर ऐसे लोगों की तलाश करते थे जिन्हें मशीन से पैसे निकालने में परेशानी होती थी। मदद करने के बहाने वे ग्राहक का ATM कार्ड चतुराई से बदल लेते थे। पुलिस का दावा है कि आरोपी इस दौरान ग्राहक का PIN भी जान लेते थे। इसके बाद दूसरे स्थान पर जाकर बदले हुए कार्ड और PIN की मदद से बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे। वारदात के बाद तेजी से फरार होने के लिए आरोपी घटनास्थल से कुछ दूरी पर अपनी कार या मोटरसाइकिल खड़ी रखते थे।
हरबर्टपुर में पुलिस ने चारों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को विकासनगर पुलिस हरबर्टपुर चौक के आसपास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध लोग स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आए हैं और ATM कार्ड बदलकर ठगी की घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड, हरबर्टपुर में ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास चेकिंग की। यहां UP14BX8591 नंबर की स्विफ्ट कार में बैठे चार लोगों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में ATM कार्ड, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 224/2026 दर्ज किया है। मामले में BNS की धारा 313/318(4)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन निवासी सहारनपुर, नीटू निवासी मुजफ्फरनगर, सोनू निवासी सहारनपुर और आशु कुमार निवासी रुड़की के रूप में हुई है।
कई राज्यों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों का पूर्व में भी ATM ठगी की घटनाओं में शामिल होना सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और असम समेत विभिन्न स्थानों पर दर्ज मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी जगमोहन के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई मामले दर्ज हैं। वहीं सोनू के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और असम में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। नीटू और आशु कुमार के खिलाफ भी पूर्व में ATM ठगी से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और दूसरे मामलों में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने ये सामान किया बरामद
- विभिन्न बैंकों के 192 ATM/डेबिट कार्ड
- एक 12 बोर का अवैध देसी तमंचा
- दो जिंदा कारतूस
- UP14BX8591 नंबर की स्विफ्ट कार
- बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, जिसकी ई-चालान जांच में नंबर UK17 X 0425 सामने आया
- ₹1,200 नकद
- दो मोबाइल फोन
- आशु कुमार के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड और एक अन्य डेबिट कार्ड
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में कोतवाली विकासनगर प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, उपनिरीक्षक सनोज कुमार समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।