उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम सहित अन्य माध्यमों पर धमकी भरे संदेश पोस्ट कर प्रदेशभर में दहशत फैलाने की कोशिश की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर धमकी भरी पोस्ट में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 21 जून को किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला पोस्ट साझा किया था। पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66F के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस, साइबर विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया, जिससे धमकी भरी पोस्ट की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और निहंग सिखों के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। इसी आक्रोश में उसने सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट डालकर लोगों में डर और दहशत फैलाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी “Jaspreet devil” से 25 जून 2026 को उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट करने की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसका उद्देश्य उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देना और सोशल मीडिया के माध्यम से सनसनी फैलाना था।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने, धमकी देने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी भ्रामक या धमकी भरी पोस्ट की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों पर ध्यान न दें।