Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

ब्रिटेन में सिख बस ड्राइवर पर हमला, बस छीनकर गलत दिशा में दौड़ाई; आरोपी गिरफ्तार

टेलफोर्ड:- ब्रिटेन के श्रॉपशायर स्थित टेलफोर्ड शहर में एक सिख बस चालक पर हमला करने और उसकी बस को कथित तौर पर जबरन कब्जे में लेकर कई वाहनों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार शाम मेडली इलाके की कोर्ट स्ट्रीट पर हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बस चालक के साथ मारपीट की, उसे बस से बाहर धकेला और फिर बस लेकर वहां से फरार हो गया।

चालक की दाढ़ी खींचने का भी आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सिख चालक के साथ मारपीट की और उसकी दाढ़ी खींची। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर चालक के साथ मारपीट और बस को अपने कब्जे में लेने की घटना दिखाई देती है। पुलिस के अनुसार, चालक को बस से बाहर निकालने के बाद आरोपी ने वाहन को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की ओर दौड़ाया।

गलत दिशा में बस चलाकर कई वाहनों को मारी टक्कर

बस पर कब्जा करने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसे गलत दिशा में चलाया। इस दौरान सड़क पर कई वाहनों को टक्कर लगी और उन्हें नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलने के बाद वेस्ट मर्सिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को रुकवाया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

20 वर्षीय युवक हिरासत में

पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवक को लूट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के संदेह में हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि बस चालक को मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज किया गया। घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

सिख समुदाय में रोष

घटना के बाद ब्रिटेन में सिख समुदाय के बीच नाराजगी सामने आई है। समुदाय के लोगों और कुछ प्रमुख नेताओं ने चालक  साथ हुई मारपीट की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमला नस्लीय या धार्मिक नफरत से प्रेरित था। पुलिस की ओर से भी अब तक चालक के खिलाफ किसी नस्लीय टिप्पणी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए घटना के पीछे की मंशा को लेकर जांच पूरी होने का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस ने समुदाय को दिया भरोसा

वेस्ट मर्सिया पुलिस के डिटेक्टिव इंस्पेक्टर ताइग लानी ने कहा कि पुलिस समझती है कि घटना के समय इलाके में मौजूद लोगों के लिए यह स्थिति चिंताजनक रही होगी। उन्होंने सिख समुदाय को भरोसा दिलाया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ लिया है। पुलिस फिलहाल घटना के पूरे घटनाक्रम, हमले की परिस्थितियों और आरोपी की मंशा की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *