रात के अंधेरे और तेज बहाव में SDRF का साहस, बीन नदी से दो लोगों को बचाया

देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच ऋषिकेश में बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के कारण उफान पर आई बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में सवार दो लोग नदी के तेज बहाव के बीच फंस गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची SD की टीम ने करीब एक घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के दौरान रात का अंधेरा, नदी का तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर राहत एवं बचाव टीम के लिए बड़ी चुनौती बना रहा।

रात 9:22 बजे मिली हादसे की सूचना

पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे SDRF को सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही जवानों ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के भीतर फंसा हुआ था।

तेज बहाव में खिसक गया वाहन

इस दौरान नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था और पानी का बहाव बेहद तेज था। तेज धारा के कारण मैक्स वाहन भी अपनी जगह से खिसककर कुछ दूरी तक नीचे चला गया, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF की अतिरिक्त टीम को भी मौके पर बुलाया गया। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ समन्वय करते हुए बचाव अभियान आगे बढ़ाया गया।

जोखिम उठाकर दूसरे व्यक्ति को भी बचाया

SDRF जवानों ने मुश्किल परिस्थितियों के बीच वाहन तक पहुंच बनाई और उसमें फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब एक घंटे तक चले इस ऑपरेशन में दोनों व्यक्तियों को सकुशल रेस्क्यू किया गया। SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार, मैक्स वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था। चालक ने उफनती बीन नदी में वाहन उतार दिया, जिसके बाद वाहन तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गया। समय पर SDRF टीम की कार्रवाई से दोनों लोगों की जान बचाई जा सकी।

भारी बारिश के बीच SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रेस्क्यू के बाद दोनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। रात के अंधेरे, तेज नदी के बहाव और खिसकते वाहन के बीच SDRF की दोनों टीमों ने समन्वय और तत्परता के साथ अभियान चलाया । गौरतलब है कि उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है और कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, देहरादून मौसम विभाग ने भी आज भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *