शिवसागर में बाढ़ की तबाही का जायजा लेने पहुंचे केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार को असम के शिवसागर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने प्रभावित गांवों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। केंद्र सरकार ने भरोसा दिलाया कि बाढ़ पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जेपी नड्डा ने शिवसागर जिले के सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल बिहुबोर नेपाली खुटी इलाके का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उनके घरों, फसलों तथा संपत्ति को हुए नुकसान की जानकारी ली। केंद्रीय मंत्री ने राहत शिविरों और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे पुनर्वास कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बाढ़ प्रभावित लोगों को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार की ओर से असम के लोगों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और राज्य सरकार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही केंद्र की विशेषज्ञ टीमें नुकसान का आकलन कर रही हैं ताकि पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि पूरे के पूरे गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अनेक परिवारों के घर उजड़ गए हैं, खेती की जमीन और फसलें नष्ट हो गई हैं तथा लोगों की आजीविका पर भी गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को मुआवजा, आर्थिक सहायता और पुनर्वास के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। नड्डा ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों की भी सराहना की और कहा कि केंद्र सरकार राज्य के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने केंद्रीय मंत्री के दौरे को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जेपी नड्डा ने स्वयं बाढ़ से हुई तबाही को देखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जमीनी हालात से अवगत कराएंगे, जिससे राहत और पुनर्वास के लिए अतिरिक्त सहायता मिलने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और सामान्य स्थिति बहाल करने के प्रयासों में जुटी हुई है। ऊपरी असम के कई जिले इस वर्ष मॉनसून के दौरान आई भीषण बाढ़ से गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं। लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण शिवसागर जिले के नजीरा सब-डिविजन और उससे जुड़े बिहुबोर नेपाली खुटी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जलभराव, भूमि कटाव और कृषि भूमि को भारी नुकसान हुआ है। कई गांवों में लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।

नजीरा की को-डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर प्रतिभा मेश्राम ने बताया कि अधिकांश इलाकों में बाढ़ का पानी कम हो गया है, लेकिन अभी भी 23 स्थान ऐसे हैं जहां स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। नेपाली खुटी उन इलाकों में शामिल है जहां सबसे अधिक नुकसान हुआ है और कई परिवारों के पुनर्वास की आवश्यकता पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार चार से पांच लोग अभी भी लापता हैं, जबकि 26 से 27 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राहत और बचाव अभियान जारी है तथा आंकड़ों में आगे बदलाव संभव है। जिला प्रशासन नागालैंड के पहाड़ी क्षेत्रों के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है, क्योंकि वहां हो रही भारी बारिश का सीधा असर असम की नदियों और बाढ़ की स्थिति पर पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *