Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

सप्तऋषि क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलटी डबल डेकर बस

हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस सड़क किनारे बैक करते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार बस शांतिकुंज के पास सड़क किनारे बैक की जा रही थी। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस हाईवे पर पलट गई। बस को पलटता देख सामने से आ रहे एक डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन डंपर भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो वाहन भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 45 यात्री सवार थे। हादसे में 26 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला यात्री की मौत हो गई। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार सभी यात्री राजस्थान से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए आए थे। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद वे वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सप्तऋषि क्षेत्र में बस को मोड़ने और बैक करने के दौरान यह हादसा हो गया। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *