Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

मां हीराबेन का आशीर्वाद, रेशम के धागों से तैयार खास कलाकृति; PM मोदी को जन्मदिन पर मिलेगा तोहफा

वाराणसी/सिद्धार्थनगर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में तैयारियां तेज कर दी हैं। पीएम मोदी का जन्मदिन हर साल अलग अंदाज में मनाया जाता है। कभी वह जवानों के बीच नजर आते हैं तो कभी बच्चों के साथ समय बिताते हैं। हालांकि, जन्मदिन के मौके पर मां हीराबेन का आशीर्वाद लेना उनके लिए खास भावनात्मक जुड़ाव रहा है। मां के निधन के बाद अब वह जन्मदिन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

इसी भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए काशी के एक बुनकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष उपहार तैयार किया है। इसमें उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी को बेटे नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देते हुए दिखाया गया है।

डेढ़ महीने की मेहनत से तैयार हुआ खास पोर्ट्रेट

बुनकर सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन का एक विशेष पोर्ट्रेट तैयार कराया है। इसमें मां हीराबेन अपने बेटे नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देती हुई नजर आती हैं। सर्वेश के मुताबिक, इस कलाकृति को प्राचीन ‘उचंद कला’ से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है, जिसे भगवान श्रीराम के समय से जुड़ी कला बताया जाता है। शुद्ध भारतीय रेशम के धागों से तैयार इस पोर्ट्रेट को बनाने में करीब डेढ़ महीने का समय लगा। इस अनोखी कलाकृति को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें विशेष उपहार के तौर पर भेजा जाएगा। सर्वेश इससे पहले भी पीएम मोदी को उनके जन्मदिन पर बनारसी साड़ी भेंट कर चुके हैं।

दो कारीगरों के साथ मिलकर तैयार किया पोर्ट्रेट

इस खास पोर्ट्रेट को तैयार करने में सर्वेश ने दो अन्य कारीगरों की मदद ली। यह पूरी कलाकृति हाथों से तैयार की गई है, जिसके कारण इसे बनाने में काफी समय और मेहनत लगती है। पोर्ट्रेट की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है। इसका इस्तेमाल वॉल हैंगिंग के तौर पर ड्राइंग रूम, बेडरूम या घर की अन्य दीवारों की सजावट के लिए किया जा सकता है। सर्वेश को इस तरह की कलाकृतियों के लिए कुछ ऑर्डर भी मिल चुके हैं।

राम मंदिर और क्रिकेट वर्ल्ड कप थीम पर भी बनाई साड़ियां

सर्वेश कुमार श्रीवास्तव इससे पहले भी अलग-अलग मौकों के लिए विशेष डिजाइन तैयार कर चुके हैं। उन्होंने राम मंदिर की थीम पर खास साड़ी तैयार कराई थी। इसके अलावा क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान खिलाड़ियों को उपहार देने के लिए वर्ल्ड कप डिजाइन वाली साड़ियां भी तैयार कराई गई थीं। यह पोर्ट्रेट काशी की पारंपरिक बुनकरी और हस्तकला की समृद्ध विरासत को भी प्रदर्शित करता है।

सिद्धार्थनगर में सेवा संकल्प अभियान की तैयारी

वहीं, सिद्धार्थनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर प्रशासन और भाजपा ने बैठक की। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं श्रम, सेवायोजन और समन्वय विभाग के मंत्री अनिल राजभर ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प के तहत एक महीने तक प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की और तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सांसद और विधायक समेत अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में डुमरियागंज सांसद जगदम्बिका पाल, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, जिला पंचायत अध्यक्ष शीतल सिंह, गोरखपुर क्षेत्रीय मंत्री कन्हैया पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *