Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

UP Weather: यूपी के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार

लखनऊ:- उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता फिलहाल कमजोर बनी हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है। वहीं कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक, अगले 24 घंटे के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसके बाद आने वाले दिनों में बारिश का दौर धीरे-धीरे कमजोर होता जाएगा।

यूपी में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं

मौसम विभाग के अनुसार, इस समय उत्तर प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। इसके चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर पड़ रहा है और प्रदेश में अपेक्षित बारिश नहीं हो रही है। पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनुमानित 7 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। यह सामान्य से करीब 92 प्रतिशत कम है। इसी तरह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनुमानित 4.2 मिलीमीटर बारिश के सापेक्ष 0.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 87 प्रतिशत कम है।

इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इनमें सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, अमरोहा, बांदा, चित्रकूट, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशांबी, संत रविदास नगर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर शामिल हैं। इन जिलों और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।

प्रदेश में सामान्य से 3 फीसदी कम बारिश

1 जून से 14 सितंबर तक के बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में अब तक अनुमानित 685 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 666 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस तरह राज्य में बारिश सामान्य से करीब 3 प्रतिशत कम है।

लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बस्ती सबसे गर्म, बाराबंकी में सबसे कम न्यूनतम तापमान

सोमवार को प्रदेश में बस्ती सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान बाराबंकी में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 2 डिग्री कम रहा।

अगले 24 घंटे बाद कमजोर होगी बारिश

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि मंगलवार को यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी है। हालांकि, अगले 24 घंटे के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी और आगामी दिनों में प्रदेश में बारिश का सिलसिला लगातार कमजोर होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *