गोरखपुर:- गोरखपुर जंक्शन पर सोमवार देर रात सीमेंट से लदी मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसा जंक्शन के लाइन नंबर 8 के पश्चिमी यार्ड में रात करीब 2 बजे हुआ। अचानक मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं तकनीकी कार्रवाई शुरू की। मालगाड़ी सीमेंट की बोरियां लेकर मध्य प्रदेश से बिहार के नारायणपुर अनंत रेलवे स्टेशन जा रही थी।
पश्चिमी यार्ड में उतरीं तीन बोगियां
मालगाड़ी गोरखपुर जंक्शन के पश्चिमी यार्ड से गुजर रही थी। इसी दौरान इसकी तीन बोगियां पटरी से नीचे उतर गईं। घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने सबसे पहले इन बोगियों को मालगाड़ी से अलग करने की प्रक्रिया शुरू की, ताकि बाकी ट्रेन को सुरक्षित तरीके से आगे रवाना किया जा सके। रेलवे टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह करीब 9:10 बजे पटरी से उतरी तीनों बोगियों को हटाया। इसके बाद मालगाड़ी को रीरेल कर आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
मौके पर पहुंचे DRM, लिया घटनास्थल का जायजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह DRM भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पश्चिमी यार्ड का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। रेलवे प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर आवश्यक तकनीकी जांच और अन्य कार्रवाई भी की गई। फिलहाल शुरुआती तौर पर मालगाड़ी की बोगियों के पटरी से उतरने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
तकनीकी जांच के बाद सामने आएगा हादसे का कारण
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे की टीम जांच कर रही है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किन परिस्थितियों में मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतरीं। रेलवे के मुताबिक हादसे के कारण सीरियल यातायात प्रभावित नहीं हुआ। राहत की बात यह है कि घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।