Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

Pauri News: जिला पंचायत बैठक में मोबाइल पर ताश खेलते दिखे पर्यटन अधिकारी, वीडियो वायरल; जांच के आदेश

पौड़ी गढ़वाल:- जिला पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक में जहां जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों की सड़क, पानी, स्वास्थ्य समेत कई गंभीर समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे थे, वहीं एक अधिकारी के मोबाइल पर गेम खेलने का मामला सामने आया है। बैठक के दौरान जिला पर्यटन अधिकारी के मोबाइल पर ताश का गेम खेलने का वीडियो सामने आने के बाद उनकी कार्यशैली और बैठक के प्रति गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं।

जनसमस्याओं पर चर्चा के बीच मोबाइल में गेम खेलते दिखे अधिकारी

जिला पंचायत की बैठक में सदस्य अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग अधिकारियों के सामने रख रहे थे। इसी दौरान जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल फोन पर ताश का गेम खेलते हुए नजर आए। अधिकारी के मोबाइल में गेम खेलने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि जिला पंचायत जैसी महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों से जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता और सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की जाती है।

जिला पंचायत सदस्य ने जताई नाराजगी

जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंतुरा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि बैठक के दौरान अधिकारियों के इस तरह मोबाइल पर गेम खेलने के वीडियो सामने आना यह सवाल खड़ा करता है कि जनसमस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारी कितने गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए, ताकि जिला पंचायत जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होने वाले अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश मिले कि जनप्रतिनिधियों और जनता से जुड़े विषयों को गंभीरता से लेना उनकी जिम्मेदारी है।

CDO ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें जिला पर्यटन अधिकारी मोबाइल फोन पर गेम खेलते दिखाई दे रहे हैं। सीडीओ ने कहा कि बैठक के दौरान किसी अधिकारी द्वारा इस तरह मोबाइल का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और जिला पंचायत की बैठक के दौरान अधिकारी के मोबाइल इस्तेमाल को लेकर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *