Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाके में बर्फबारी, घाटी का तापमान गिरा

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में बुधवार सुबह ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई है।  इससे घाटी के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, घाटी में वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। राजधानी शिमला में भी आज हल्के बादल छाए हुए हैं।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 अप्रैल को लाहौल-स्पीति जिले में कुछ स्थानों पर, 10 अप्रैल को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, जबकि 11 अप्रैल  को शिमला, सिरमौर, सोलन और कांगड़ा जिले में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 9 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर के क्षेत्रों और 10-11 अप्रैल को मध्य पर्वतीय और निचले पर्वतीय-मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। 11 अप्रैल को चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 12 अप्रैल को लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा के ऊंचे इलाकों में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 10 अप्रैल को राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 13 से 15 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। 9 अप्रैल  को मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हीट वेव की स्थिति होने की संभावना है।

शिमला में न्यूनतम तापमान 16.2, सुंदरनगर 15.6, भुंतर 13.7, कल्पा 8.2, धर्मशाला 18.2, ऊना 15.8, नाहन 17.7, केलांग 3.6, पालमपुर 16.5, सोलन 14.0, मनाली 11.9, कांगड़ा 18.0, मंडी 17.5, बिलासपुर 16.4, चंबा 14.2, कुफरी 11.5, कुकुमसेरी 2.4, भरमौर 13.9, सेऊबाग 13.2, बरठीं 15.4, कसौली 17.8, पांवटा साहिब 23.0, सराहन 10.6 व देहरा गोपीपुर 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *