Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

कमला देवी की पहली पुण्यतिथि पर विधानसभा सभागार में श्रद्धांजलि सभा, वक्ताओं ने साझा की आपातकाल की यादें

आपातकाल के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाली प्रखर समाजसेविका और सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद की धर्मपत्नी स्व. कमला देवी की पहली पुण्यतिथि पर रविवार को विधानसभा सभागार में श्रद्धांजलि सह स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने 1974 के संपूर्ण क्रांति आंदोलन और आपातकाल के दौरान उनसे जुड़ीं स्मृतियां साझा कीं और उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला

इस मौके पर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कमला देवी सादगी और परोपकार की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण का जो सपना उन्होंने देखा था, उसे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे हैं। सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने माना कि आपातकाल के दौरान जीवन संगिनी के रूप में वे निडर होकर मेरे साथ खड़ी रहीं और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रेरित करती रहीं। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे भी वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कमला देवी ने इस बात का हमेशा ध्यान रखा कि घर के दरवाजे पर आया कोई भी शख्स कभी भूखा न जाए। वहीं इस कार्यक्रम के मौके पर उपस्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक के क्षेत्र कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने कहा कि कमला देवी ने परिवार और समाज को जो संस्कार दिए, आज की महिलाओं को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। मंत्री रेणु देवी ने कमला देवी को आजीवन सादा जीवन उच्च विचार के सिद्धांत को आत्मसात कर चलने वाली महिला बताया। पूर्व सांसद अरुण कुमार ने कहा कि अतिथि देवो भवः की भावना उनमें कूट-कूट कर भरी थी। पूर्व सांसद रामकृपाल यादव ने कहा कि त्याग से भरा उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। पूर्व विधान पार्षद हरेन्द्र प्रताप ने कहा कि कमला देवी नहीं रहतीं तो तब के दौर में संघ और जनसंघ के प्रचारकों का टिकना मुश्किल था। विधायक डॉ. संजीव चौरसिया ने कहा कि घर की दहलीज पर आया व्यक्ति सामान्य है या विशेष, मां ने कभी इसका भेद नहीं किया। आम हो या खास, उनके लिए सभी एक समान थे।

कार्यक्रम की शुरुआत भजन संध्या से हुई। तुलसी पौधा देकर आगत अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान कमला देवी के जीवन पर आधारित वृत्त चित्र का भी प्रदर्शन किया गया। सभागार में मौजूद लोगों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने किया। कार्यक्रम का आयोजन मुंदर साह फाउंडेशन के बैनर तले किया गया। धन्यवाद ज्ञापन दीपक चौरसिया ने किया और महिला सशक्तिकरण के लिए फाउंडेशन की तरफ से किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। मौके पर पूर्व विधायक दिलमणि देवी, उप महापौर रश्मि चंद्रवंशी, पद्मश्री विमल जैन के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, आर्य प्रतिनिधि सभा, विद्यार्थी परिषद, भाजपा, विहिप, भारतीय मजदूर संघ समेत संघ परिवार के विभिन्न आनुषांगिक संगठन के सैकड़ों प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *