Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

उत्तराखंड में बारिश का कहर, देहरादून-बागेश्वर समेत इन जिलों में Orange Alert

देहरादून:- उत्तराखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने फिलहाल इससे राहत मिलने के संकेत नहीं दिए हैं। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

देहरादून समेत इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है। वहीं पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और हरिद्वार समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं।

कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने राज्य के बाकी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। देहरादून और टिहरी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन इलाकों में बिजली चमकने और गरज के साथ तेज बारिश को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

भारी बारिश के चलते स्कूलों में छुट्टी

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। देहरादून, चंपावत और पिथौरागढ़ में कक्षा 12वीं तक के सरकारी और निजी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

देहरादून में कैसा रहेगा आज मौसम?

देहरादून में आज आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से ढका रह सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बारिश से जनजीवन प्रभावित, नदी-नाले उफान पर

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह संपर्क मार्ग बंद होने से आवाजाही में परेशानी हो रही है। वहीं बारिश के कारण नदी और नाले उफान पर हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है और कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा न करें। जरूरी होने पर ही यात्रा करें और रास्ते में मौसम एवं सड़क की स्थिति को लेकर पूरी सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *