उत्तर प्रदेश में मानसून एक्टिव, बहराइच में 79 और मेरठ में 67 मिमी बारिश

लखनऊ/कानपुर:-  उत्तर प्रदेश में पिछले चार से पांच दिनों से मानसून सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ, मेरठ, बरेली, अमेठी, बहराइच और फर्रुखाबाद समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दोनों क्षेत्रों में मानसून का असर देखने को मिला है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।

बहराइच और मेरठ में सबसे ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच में सबसे अधिक 79 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में 67 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।  इसके अलावा बाराबंकी में 30 मिमी, अंबेडकरनगर में 29 मिमी, लखनऊ में 28.5 मिमी, फर्रुखाबाद में 22 मिमी, बांदा में 21 मिमी, सीतापुर में 19.8 मिमी, जालौन में 19 मिमी और अमरोहा में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बदायूं और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है।

पूरे मानसून सीजन में अब तक 15 फीसदी कम बारिश

उत्तर प्रदेश में 1 जून से 22 अगस्त के बीच सामान्य रूप से 533 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान था, जबकि इस अवधि में 452 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। यह सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम है।  हालांकि, बीते 24 घंटे में प्रदेश में बारिश सामान्य से अधिक रही। जहां अनुमानित वर्षा 7.3 मिलीमीटर थी, वहीं 9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से लगभग 24 प्रतिशत ज्यादा है।

लखनऊ में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ में रविवार को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।  लखनऊ में 1 जून से 22 अगस्त तक सामान्य रूप से 468 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले 438 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत कम है।

बस्ती सबसे गर्म, बाराबंकी में सबसे कम न्यूनतम तापमान

शनिवार को बस्ती उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा।  वहीं, बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है।

अगले दो दिन तक पूर्वांचल और तराई में बारिश का दौर जारी रहने के आसार

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के अनुसार, पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी रह सकती है। वहीं, मध्यवर्ती क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।  पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में 24 अगस्त की सुबह तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। खासतौर पर पश्चिमी और मध्यवर्ती उत्तर प्रदेश में प्रभावी बारिश की संभावना कम बताई गई है।

कानपुर देहात में 24 अगस्त को स्कूल बंद रखने के आदेश

भारी बारिश की चेतावनी और सावन के आखिरी सोमवार को निकलने वाली कांवड़ यात्रा को देखते हुए कानपुर देहात में 24 अगस्त को स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडे ने जिले के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। आदेश के दायरे में सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के स्कूल भी शामिल हैं। प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *