हरियाणा और उत्तराखंड के बीच सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है। एक नया वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें कुछ लोग देहरादून के एक ड्राइवर को दिल्ली में सवारी लेने से रोकते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद दोनों राज्यों के बीच चल रही बहस ने फिर तूल पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तराखंड के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Bhupi Panwar ने शेयर किया है। वायरल क्लिप में दिल्ली की एक बिल्डिंग पार्किंग में कुछ लोग देहरादून के चालक को घेरकर उससे बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मौजूद लोग कथित तौर पर ड्राइवर को भविष्य में एयरपोर्ट और उस इलाके से सवारी न उठाने की चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
देहरादून के ड्राइवर को सवारी लेने से रोका
वीडियो में मौजूद लोगों का कहना है कि जब वे उत्तराखंड जाते हैं तो उनके साथ गलत व्यवहार किया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ियों के शीशे तक तोड़ दिए जाते हैं और उन्हें परेशान किया जाता है। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कथित तौर पर देहरादून के चालक को दिल्ली एयरपोर्ट क्षेत्र से सवारी लेने से रोक दिया। इतना ही नहीं वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि चालक को एयरपोर्ट पार्किंग से बाहर जाने के लिए कहा गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे दो राज्यों के बीच बढ़ती नफरत और सोशल मीडिया पर भड़काई जा रही बयानबाजी का असर बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि कुछ घटनाओं और वायरल वीडियो की वजह से अब आम लोग भी इस विवाद का शिकार बनने लगे हैं, जबकि उनका किसी विवाद से सीधा संबंध नहीं होता। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दोनों राज्यों के लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील भी की है।
क्या था ऋषिकेश वाला मामला?
दरअसल हाल ही में ऋषिकेश में हरियाणा के दो युवकों को 10 साल की बच्ची के साथ कथित छेड़छाड़ के आरोप में बीच सड़क पर नग्न कर पीटे जाने का वीडियो वायरल हुआ था। इस दौरान उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई थी। घटना को लेकर हरियाणा में काफी नाराजगी देखने को मिली थी। इसके बाद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Harsh Chhikara ने भी वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। तभी से सोशल मीडिया पर हरियाणा बनाम उत्तराखंड की बहस लगातार गरमाई हुई है। अब दिल्ली से सामने आए इस नए वीडियो ने विवाद को और हवा दे दी है। फिलहाल सोशल मीडिया पर यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि क्या कुछ लोगों की हरकतों और इंटरनेट पर फैल रही नफरत का खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ेगा? साथ ही लोग प्रशासन से भी अपील कर रहे हैं कि दोनों राज्यों के बीच बढ़ते तनाव को शांत करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं।