दिल्ली-ऋषिकेश सफर अब सिर्फ 3 घंटे में होगा पूरा

मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन (RRTS) चलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लगातार प्रयासों के बाद उत्तराखंड सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के बीच इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर सहमति बन गई है। जल्द ही प्रस्तावित रेल कॉरिडोर के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने हेतु सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा।

गौरतलब है कि फरवरी 2026 में दिल्ली से मेरठ के मोदीपुरम तक नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हो चुका है। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हाईस्पीड रेल सेवा को उत्तराखंड तक विस्तार देने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष लगातार पैरवी की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर इस संबंध में प्रस्ताव भी सौंपा था।

अब सरकार के प्रयासों को सफलता मिली है और नमो भारत ट्रेन को मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक विस्तार देने पर सहमति बन गई है। परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने अपर सचिव रीना जोशी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि NCRTC ने भी अपनी ओर से नोडल अधिकारी तैनात कर दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार भी इस परियोजना के लिए अपनी सहमति दे चुकी है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार लगभग 150 किलोमीटर लंबा नया ट्रैक तैयार किया जाएगा। यह ट्रैक मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन से शुरू होकर मुजफ्फरनगर होते हुए उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद ट्रेन रुड़की, हरिद्वार और हर की पैड़ी क्षेत्र से गुजरते हुए ऋषिकेश के अंतिम छोर लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगी। परियोजना का करीब 72 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश और 78 किलोमीटर हिस्सा उत्तराखंड में होगा।

इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के शुरू होने से उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा सड़क मार्ग से लगभग पांच से छह घंटे में पूरी होती है, लेकिन नमो भारत ट्रेन के संचालन के बाद यह दूरी मात्र ढाई से तीन घंटे में तय की जा सकेगी। ट्रेन की अधिकतम गति करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

परियोजना के पूरा होने से चारधाम यात्रा, हरिद्वार और ऋषिकेश आने वाले तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही इससे उत्तराखंड के पर्यटन, व्यापार और निवेश गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण रोजगार और आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन सेवा का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे प्रदेश में आधुनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा और लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और NCRTC के साथ लगातार समन्वय कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *