Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, राजपुर में जुए के अड्डे पर छापा

देहरादून में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर क्षेत्र में संचालित एक बड़े जुए के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक अमेरिकी नागरिक सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में नकदी, विदेशी मुद्रा, ताश की गड्डियां, डाइस और जुए में इस्तेमाल होने वाली चिप्स बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को गोपनीय माध्यम से सूचना मिली थी कि राजपुर क्षेत्र में हैलीपैड के पास स्थित एक निजी मकान में बड़े स्तर पर अवैध जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्राधिकारी डालनवाला नितिन लोहानी के नेतृत्व में थाना राजपुर और एसओजी की संयुक्त टीम का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीम ने राजपुर क्षेत्र में हैलीपैड के पीछे क्रिस ज्योति स्कूल जाने वाले मार्ग के समीप स्थित एक मकान पर औचक छापेमारी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान के अंदर अलग-अलग टेबलों पर जुए का खेल चल रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां मौजूद 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक अमेरिकी नागरिक भी शामिल है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 1 लाख 52 हजार 870 रुपये नकद, 41 अमेरिकी डॉलर, 167 ताश की गड्डियां, 625 डाइस (पासे) तथा 118 जुआ चिप्स बरामद हुए। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी संगठित तरीके से बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे थे। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेशभर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लगातार सत्यापन, चेकिंग और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। राजपुर क्षेत्र में की गई यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा है।

गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है कि जुए का यह खेल कब से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *