पंजाब में आप के नए प्रभारी व सहप्रभारी नियुक्ति के बाद अब मंत्रिमंडल में चेहरे व विभाग बदलने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल हो सकते हैं और कई मंत्रियों को शक्तिशाली बनाया जा सकता है। आप की तरफ से जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण भी करवाया गया है कि कौन-कौन विधायक अधिक लोकप्रिय और बेदाग हैं, उन्हें आगे लाने की तैयारी की जा रही है ताकि 2027 के चुनाव में पार्टी को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतारा जा सके।
शहरी वर्ग में करनी होगी अधिक मेहनत
पार्टी को शहरी वर्ग में अधिक मेहनत करनी पड़ेगी क्योंकि हाल ही में संपन्न निकाय चुनाव में पार्टी को पटियाला छोड़कर किसी भी जिले में स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। पार्टी शहरी वर्ग में सत्ता विरोधी लहर को कुंद करने का खाका तैयार कर रही है, जिसके तहत हिंदू चेहरे को आगे लाया जा सकता है। ऐसे में आप के प्रधान अमन अरोड़ा को पॉवरफुल किया जा सकता है।
जातीय संतुलन पर रहेगा ध्यान
पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक हाईकमान के पास कई मंत्रियों की शिकायतें भी पहुंची हैं कि लोग उनकी कारगुजारी से खुश नहीं हैं। इसके अलावा जातीय संतुलन भी बनाना पड़ेगा। दोआबा दलितों का मुख्य केंद्र है और रविदासिया व वाल्मीकि समाज के लोग बहुसंख्यक हैं। दोआबा में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का खासा प्रभाव है, जिसके लिए दोआबा में भी फेरबदल हो सकता है ताकि विधानसभा चुनाव में चन्नी का मुकाबला किया जा सके।