Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

मसूरी में खाना बनाते समय फटा प्रेशर कुकर, 32 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलसी

मसूरी:-  शहर के कैंची क्षेत्र में रसोई में खाना बनाते समय अचानक प्रेशर कुकर फटने से बड़ा हादसा हो गया। कुकर में चावल पका रही 32 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल उप जिला चिकित्सालय मसूरी पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को निगरानी में रखा गया, लेकिन शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

चावल पकाते समय अचानक फटा कुकर

जानकारी के अनुसार महिला घर की रसोई में प्रेशर कुकर में चावल बना रही थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ कुकर फट गया। हादसे में महिला बुरी तरह झुलस गई। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास रहने वाले लोग तुरंत घर पहुंचे और घायल महिला को अस्पताल ले गए। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग भी एकत्र हो गए। बताया गया कि हादसे में महिला का करीब 25 से 30 प्रतिशत शरीर झुलस गया।

शाम को बिगड़ी महिला की तबीयत

उप जिला चिकित्सालय मसूरी में चिकित्सकों ने महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद ऑब्जर्वेशन में रखा था। शुरुआती उपचार के बाद उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन शाम को अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद चिकित्सकों ने उसे उच्च स्तरीय उपचार के लिए देहरादून रेफर करने का फैसला लिया। महिला को 108 एंबुलेंस के जरिए देहरादून के हायर सेंटर भेजा गया। इस दौरान उसके परिजन और स्थानीय लोग भी साथ मौजूद रहे।

डॉक्टर ने बताया 25 से 30 प्रतिशत तक जला शरीर

उप जिला चिकित्सालय मसूरी के चिकित्सक डॉ. मयंक जुवाठा ने बताया कि प्रेशर कुकर फटने के कारण महिला गंभीर रूप से झुलसी थी। उसके शरीर का लगभग 25 से 30 प्रतिशत हिस्सा जल गया है। अस्पताल में महिला को आवश्यक प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया था, लेकिन हालत बिगड़ने के बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए देहरादून रेफर किया गया।

चार बच्चों के साथ रहती है महिला

बताया गया कि घायल महिला मसूरी के बाहरी क्षेत्र कैंची की रहने वाली है और अपने चार बच्चों के साथ घर पर रहती है। हादसे के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिला के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *