Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6170

श्यामपुर फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, बस-पिकअप भिड़ंत में तीन लोगों की गई जान हरिद्वार में तेज रफ्तार का कहर, बस और पिकअप की टक्कर से मची चीख-पुकार

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। श्यामपुर थाना क्षेत्र के नवनिर्मित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए, जबकि रोडवेज बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की दिशा में जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय पिकअप में कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप में बैठे दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस, 108 एंबुलेंस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 18 वर्षीय अहान और एक अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शराफत और उनकी पत्नी शबाना को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना की भी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन और हाइड्रोलिक मशीन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया और कई घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को दोबारा सुचारु कराया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्यामपुर का यह नवनिर्मित फ्लाईओवर लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। उनका आरोप है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह भी इसी फ्लाईओवर पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की मौत हो गई थी, जिसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ा सुधार नहीं किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और विशेष रूप से फ्लाईओवर तथा मोड़ों पर नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *