Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

हरकी पौड़ी और बैरागी कैंप में सुरक्षा व सुविधाओं का लिया जायजा

2027 के महाकुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य रूप में आयोजित करने के लिए तैयारी जोरों पर है। इस कड़ी में उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने आज कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों, घाटों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए बनाई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से उन घाटों पर ध्यान केंद्रित किया, जहां रेलिंग नहीं लगाई गई थी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर इन घाटों पर रेलिंग का कार्य पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने गौरी शंकर द्वीप, नमामि गंगे चंडी घाट, मोक्ष घाट, बैरागी कैंप, दक्ष द्वीप, पंतद्वीप, हरकी पौड़ी से मालवीय द्वीप होते हुए CCR मेला कंट्रोल रूम तक का दौरा किया। इस दौरान मेला अधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल, उपाध्यक्ष HRDA अंशुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्य सचिव ने निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख विकास कार्यों का भी जायजा लिया, जिनमें शामिल हैं:

  • नजीबाबाद हाईवे पर गौरी पार्किंग स्थल में मल्टी मॉडल हब निर्माण योजना।
  • चंडी देवी मंदिर तक रोपवे निर्माण
  • दिव्य प्रेम मिशन आश्रम के समीप नीलधारा में कल्चरल हब निर्माण योजना।
  • नमामि गंगे घाट नीलधारा में लेजर शो हेतु स्थलीय निर्माण
  • बैरागी कैंप क्षेत्र में अखाड़ों एवं धार्मिक संस्थाओं के कैम्पिंग की योजना।
  • बैरागी कैंप एवं दक्ष द्वीप क्षेत्र में मायापुर स्कैप चैनल के नए घाट
  • आईरीस सेतु से श्री यंत्र मंदिर होते हुए मातृ सदन तक सड़क सुदृढ़ीकरण और पक्की सड़क निर्माण
  • नक्षत्र वाटिका के पास कनखल एरिया कैनाल फ्रंट डेवलपमेंट, जिसमें पार्किंग, लैंडस्केपिंग और पैदल पुल शामिल हैं।
  • शमशान घाट कनखल के सामने अतिरिक्त स्थाई सेतु निर्माण।
  • आनंदमयी पुलिया से जान्ह्वी डेल होटल तक सड़क निर्माण योजना।
  • झंडा चौक कनखल मार्ग का चौड़ीकरण एवं दक्ष मंदिर मार्ग का निरीक्षण।
  • भीमगोड़ा स्थित खड़खड़ी शमशान घाट को चमगादड़ टापू से जोड़ने हेतु स्थाई सेतु निर्माण
  • हरकी पौड़ी क्षेत्र का समग्र निरीक्षण।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ मेले की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी जाए। उन्होंने कहा कि सभी स्थाई एवं अस्थाई निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण किए जाएं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता हो। इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य सचिव का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। निरीक्षण में प्रमुख अभियंता सिंचाई सुभाष चंद पांडे, मुख्य अभियंता सिंचाई चंद्र शेखर सिंह, DFO स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव HRDA मनीष सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, SP क्राइम जितेंद्र मेहरा, SP सिटी पंकज गैरोला, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, अधीक्षण अभियंता LONIWI डीके सिंह, अभियंता सिंचाई ओमजी गुप्ता, अधिशासी अभियंता LONIWI दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कहा कि 2027 का कुंभ मेला श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य तत्परता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि हर श्रद्धालु को मेला स्थल पर सुविधा और सुरक्षा का अनुभव हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *