ब्रेक बाइंडिंग से निकला धुआं: जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रियों की सांसें थमीं, तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा – Alam E Tasveer
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

ब्रेक बाइंडिंग से निकला धुआं: जम्मू तवी एक्सप्रेस में यात्रियों की सांसें थमीं, तकनीकी टीम ने संभाला मोर्चा

सोमवार सुबह जम्मू तवी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19223) के बी-1 कोच से अचानक धुआं उठने के कारण यात्रियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन सुबह 7:45 बजे बठिंडा रेलवे स्टेशन से फिरोजपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 15 मिनट बाद, जैसे ही ट्रेन भोकड़ा गांव के पास पहुंची, बी-1 कोच से धुआं उठता दिखाई दिया।

आपात स्थिति में रोकी गई ट्रेन

धुआं उठता देख यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन को रोका। चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को आपात स्थिति में रोक दिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू की गई। घबराए यात्री तुरंत ट्रेन से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि जैसे ही धुआं देखा गया, यात्रियों ने सतर्कता बरतते हुए चेन पुल कर दी और सभी कोच खाली कर दिए गए।

कोच की बेल्ट गर्म होने से उठा धुआं

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मचारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। ट्रेन गोनियाना और बठिंडा स्टेशन के बीच लगभग आधे घंटे तक रुकी रही। रेलवे की तकनीकी टीम ने जांच के बाद बताया कि कोच की बेल्ट अत्यधिक गर्म हो जाने के कारण धुआं उठा था। हालांकि, किसी प्रकार की आग नहीं लगी थी। मरम्मत कार्य तुरंत पूरा कर लिया गया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।

कोई जनहानि नहीं, ट्रेन सुरक्षित रवाना

बठिंडा रेलवे स्टेशन अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “कोच की बेल्ट गर्म होने से धुआं निकला था, लेकिन आग नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई। सभी सुरक्षा उपाय अपनाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए सुरक्षित रवाना कर दिया गया है।”

रेलवे स्टाफ ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए अन्य कोचों की भी तकनीकी जांच की। करीब आधे घंटे की देरी के बाद ट्रेन फिरोजपुर की ओर रवाना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *