Mathura Janmashtami 2026: जन्माष्टमी को लेकर मथुरा-वृंदावन तैयार, 2 सितंबर से ट्रैफिक डायवर्जन – Alam E Tasveer
Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u141101890/domains/alam-e-tasveer.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6260

Mathura Janmashtami 2026: जन्माष्टमी को लेकर मथुरा-वृंदावन तैयार, 2 सितंबर से ट्रैफिक डायवर्जन

मथुरा:-  श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर मथुरा-वृंदावन पूरी तरह तैयार है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी झालरों और विशेष सजावट से सजाया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जन्माष्टमी की झलक दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी अंतिम रूप दे दिया है।

4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 5253वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। महोत्सव को भव्य बनाने के लिए पर्यटन विभाग, मथुरा-वृंदावन नगर निगम और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। शहर के भूतेश्वर चौराहा, बस स्टैंड चौराहा, स्टेट बैंक चौराहा, आर्मी एरिया टैंक चौराहा, होली गेट, डींग गेट, मसानी चौराहा और भरतपुर गेट समेत कई प्रमुख स्थानों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सजाया गया है।

2 सितंबर से मथुरा में ट्रैफिक डायवर्जन

जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मथुरा में 2 सितंबर से यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। कई प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के साथ जरूरत पड़ने पर चारपहिया, ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की आवाजाही भी रोकी जाएगी।

  • गोवर्धन चौराहा और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर भारी कमर्शियल वाहन, रोडवेज बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे।
  • रोडवेज बसों को औद्योगिक क्षेत्र जयगुरुदेव होते हुए एनएच-19 से मालगोदाम की ओर भेजा जाएगा।
  • भूतेश्वर तिराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर चारपहिया, टेंपो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
  • मसानी चौराहा से जन्मभूमि की ओर भारी कमर्शियल वाहन, नगर निगम बस और ट्रैक्टर नहीं जा सकेंगे।
  • मसानी चौराहा से चौक बाजार-लाल दरवाजा की तरफ भी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
  • गोकरन तिराहा से चौक बाजार तथा चौक बाजार से द्वारिकाधीश मंदिर की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • बस स्टैंड से भूतेश्वर जाने वाली रोडवेज और नगर निगम की बसें मालगोदाम मार्ग से संचालित होंगी।
  • स्टेट बैंक चौराहा से भूतेश्वर की तरफ भारी कमर्शियल वाहन और ट्रैक्टर प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को धौली प्याऊ मार्ग से भेजा जाएगा।
  • कृष्णापुरी से होली गेट की तरफ भारी कमर्शियल वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
  • जीआईसी कॉलेज बैरियर से होली गेट की तरफ चारपहिया वाहन, ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
  • डींग गेट चौराहा से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • भरतपुर गेट से डींग गेट की तरफ चारपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
  • चौक बाजार से मिलन तिराहा की तरफ भी वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
  • महाविद्या कॉलोनी बैरियर और रूपम तिराहा के बीच दोनों दिशाओं में वाहनों पर रोक रहेगी।
  • गणेशरा कट एनएच-19 से पोतरा कुंड और श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • बीएन पोद्दार कॉलेज/छावनी रेलवे स्टेशन गेट नंबर-2 से होली गेट की तरफ चारपहिया, ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे।
  • स्टेट बैंक चौराहा से भरतपुर गेट की ओर चारपहिया, कमर्शियल वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।
  • नया बस स्टैंड से भूतेश्वर तिराहा की ओर सभी वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा।
  • एनएच-19 स्थित बजरंग धर्मकांटा अंडरपास से नया बस स्टैंड की ओर भारी कमर्शियल वाहन और रोडवेज बसें नहीं जा सकेंगी।
  • कृष्णा नगर बिजलीघर तिराहा फायर सर्विस कट से भूतेश्वर की ओर चारपहिया, टेंपो और ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भीड़ और परिस्थितियों के अनुसार कुछ मार्गों पर अतिरिक्त प्रतिबंध भी लगाए जा सकते हैं।

जन्मभूमि मंदिर के बाहर अभी से श्रद्धालुओं की भीड़

जन्माष्टमी में अब कुछ ही समय बाकी है और देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं का मथुरा पहुंचना शुरू हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के गेट नंबर 1, 2 और 3 के आसपास श्रद्धालुओं की कतारें दिखाई दे रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मंदिर में गेट नंबर 3 से प्रवेश और गेट नंबर 1 से निकासी की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

3 सितंबर को निकलेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा

जन्माष्टमी महोत्सव के तहत 3 सितंबर की सुबह 9 बजे श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान मंदिर परिसर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। पर्यटन विभाग और ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा में करीब 250 कलाकार हिस्सा लेंगे। कलाकार राधा-कृष्ण की वेशभूषा में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का मंचन करेंगे। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

जन्माष्टमी पर वृंदावन में भी बदलेगा ट्रैफिक प्लान

मथुरा के साथ वृंदावन में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात प्रतिबंध लागू किए गए हैं।

  • छटीकरा से वृंदावन की ओर भारी कमर्शियल वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
  • छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी।
  • वैष्णो देवी पार्किंग से भारी वाहनों और बड़ी व छोटी बसों को वृंदावन की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
  • रुक्मिणी विहार गोलचक्कर से वृंदावन की तरफ भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
  • मथुरा-वृंदावन मार्ग पर सौ-सैया से आगे भारी चारपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
  • वृंदावन कट और पानीगांव से वृंदावन की तरफ भारी वाहनों को रोका जाएगा।
  • पानी घाट तिराहा यानी यमुना पुल से परिक्रमा मार्ग की ओर वृंदावन जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी।
  • पानीगांव चौराहा से सौ-सैया और वृंदावन की तरफ भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
  • जैत गांव कट और परिक्रमा मार्ग कट एनएच-19 से सुनरख रोड वृंदावन की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
  • गोकुल रेस्टोरेंट और मसानी चौराहा से वृंदावन की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

7 जोन और 35 सेक्टर में बांटा गया मथुरा-वृंदावन

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के मुताबिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र को 7 जोन और 35 सेक्टर में बांटकर पुलिस अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 8 कंपनी पीएसी और 1 कंपनी आरएएफ लगाई गई है। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रख रही है। शहर के प्रमुख चेक प्वाइंट्स की जांच की जा चुकी है। होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट और धर्मशालाओं की भी सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं।

श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था

प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था तैयार की है। यातायात डायवर्जन के साथ पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था रखने का दावा किया गया है। शहर में साफ-सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि जन्माष्टमी के दौरान मथुरा-वृंदावन पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान कम से कम परेशानी हो और भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *